संसद के मानसून सत्र का आज 13वां दिन

नई दिल्ली, 5 अगस्त- संसद के मानसून सत्र का आज 13वां दिन है। 31 जुलाई से राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर संसद के दोनों सदनों में लगातार हंगामा जारी है। मंगलवार को लोकसभा में कराधान एवं अन्य कानून (संशोधन) विधेयक पारित किया गया। इस सत्र के लिए कुल आठ विधेयक सूचीबद्ध किए गए थे, जिनमें से अब तक तीन विधेयक दोनों सदनों से पारित हो चुके हैं। इनमें वंदे मातरम् विधेयक, लोक परीक्षा (संशोधन) विधेयक (पेपर लीक) और सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक शामिल हैं।

वहीं जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, आयकर (संशोधन) विधेयक, एमएसएमई विकास (संशोधन) विधेयक, विदेशी अंशदान (एफसीआरए) संशोधन विधेयक और विकसित भारत शिक्षा प्रतिष्ठान विधेयक को अभी तक संसद की मंजूरी नहीं मिली है। सरकार आज दोनों सदनों में इन विधेयकों को पारित कराने का प्रयास कर सकती है।

इससे पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के बीच तीखी बहस हुई। खड़गे ने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया था और 70 एकड़ से अधिक भूमि ट्रस्ट को सौंपी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री स्वयं राम मंदिर से जुड़े हर कार्यक्रम में शामिल हुए, लेकिन अब चढ़ावा चोरी के मामले में ईडी, सीबीआई और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां कार्रवाई क्यों नहीं कर रही हैं।

 
#संसद के मानसून सत्र का आज 13वां दिन