स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर पंजाब पुलिस पूरी तरह तैयार - DGP गौरव यादव
फिरोज़पुर, 12 अगस्त (गुरिंदर सिंह) - स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पंजाब पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार लगातार तीसरे दिन सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने फिरोजपुर और बठिंडा रेंज का दौरा किया तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक समीक्षा बैठकें कीं।
डीजीपी गौरव यादव ने अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने, गश्त मजबूत करने, निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे। साथ ही किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल और समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए।
फिरोजपुर में डीजीपी ने फिरोजपुर और फरीदकोट रेंज की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान फिरोजपुर, तरनतारन, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब और मोगा जिलों की सुरक्षा स्थिति का भी विशेष रूप से जायजा लिया गया।

