मुंबई में बुजुर्ग नागरिकों के लिए बना शेड गिरा, 5 घायल

मुंबई, 12 अगस्त- मुंबई के सायन पूर्व स्थित प्रतीक्षा नगर के माला गार्डन (रघुनाथ विट्ठल चव्हाण गार्डन) में आज शाम करीब 4:48 बजे बुजुर्ग नागरिकों के लिए बनाया गया एक शेड/गैबो ढांचा अचानक गिर गया। हादसे में पांच बुजुर्ग नागरिक घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सीमेंट की छत और जीआई फ्रेम से बना खुला शेड गिरने से अंदर बैठे कुछ बुजुर्ग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में किसी की मौत की खबर नहीं है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गार्डन के पास चल रहे निर्माण कार्य और पाइलिंग के दौरान होने वाले कंपन के कारण शेड का ढांचा कमजोर हुआ, जिसके बाद वह गिर गया।

सायन-कोलीवाड़ा के विधायक तमिल सेल्वन ने कहा कि सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि पांच लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी इस घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 
#मुंबई में बुजुर्ग नागरिकों के लिए बना शेड गिरा
# 5 घायल