मल्ला मोड़ पर पुलिसकर्मियों को वाहन ने मारी टक्कर, 4 घायल

पंचकूला, 27 अगस्त (कपिल) - पंचकूला के मल्ला मोड़ पर बुधवार को एक वाहन ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें मढ़ावाला चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि होमगार्ड कांस्टेबल संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी टांग टूट गई।
जानकारी के अनुसार, मल्ला मोड़ पर पुलिसकर्मी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे में होमगार्ड कांस्टेबल संजय कुमार के पैर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उनकी टांग में फ्रैक्चर हो गया। वहीं, मढ़ावाला चौकी प्रभारी समेत तीन अन्य पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें लगी हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टक्कर मारने वाले वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

#मल्ला मोड़
# पुलिसकर्मियों