खेल सामान की आड़ में 13.5 लाख की अवैध शराब बरामद, ट्रक से 268 पेटियां बरामद  

पंचकूला, 27 अगस्त (कपिल)- अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेल सामान की आड़ में चंडीगढ़ से पश्चिम बंगाल और असम तक भेजी जा रही शराब की खेप बरामद की है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने ट्रक से 268 पेटियां चंडीगढ़ मार्का अवैध शराब बरामद की हैं, जिसकी बाजार कीमत करीब 13.5 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब की मात्रा करीब 2500 लीटर है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देश पर नशे और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज सौरव रावत को 26 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध शराब लदी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घग्गर पार कर कमांडो कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाले कट के पास नाकाबंदी कर दी।

कुछ समय बाद संदिग्ध ट्रक मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रक रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम शहजाद आलम निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश बताया। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, पुलिस ने ट्रक को साइड में लगाने के लिए कहा और निगरानी के लिए एक पुलिसकर्मी को चालक के साथ वाली सीट पर बैठा दिया।
इसी दौरान चालक अचानक ट्रक को तेज रफ्तार से गुरुद्वारे के पीछे जाने वाली सड़क की ओर भगाने लगा। पुलिसकर्मी द्वारा ट्रक रोकने के लिए कहने पर चालक ने कथित तौर पर उसे धक्का दे दिया और कुछ दूरी पर चलते ट्रक से छलांग लगा दी। चालक के कूदने के बाद ट्रक बेकाबू होकर एक इमारत की ओर जाने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत चालक की सीट संभाली और स्टीयरिंग अपने कब्जे में ले लिया। उसने बेकाबू ट्रक को सुरक्षित तरीके से साइड में रोक लिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
चलते ट्रक से छलांग लगाने के कारण शहजाद आलम के सिर में चोट लगी। पुलिस ने उसे पहले सेक्टर-6 पंचकूला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
 
ट्रक की तलाशी के दौरान 268 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं। तस्करों ने शराब को ट्रक में खेल सामान से आगे से पीछे तक ढककर छिपाया हुआ था, ताकि बाहर से देखने पर शराब का पता न चल सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रक में पहले पंजाब के जालंधर से खेल सामान लादा गया था। इसके बाद चंडीगढ़ से अवैध शराब भरी गई। यह खेप सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) और बारपेटा (असम) तक पहुंचाई जानी थी।
 
इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281, 221, 132, 109 और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर निर्मल सिंह द्वारा की जा रही है।

पंकज नैन ने कहा कि पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब चंडीगढ़ में कहां से लोड की गई और इसे पश्चिम बंगाल व असम तक पहुंचाने की योजना में कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

#खेल
# ट्रक