नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए शिरोमणि कमेटी की ओर से प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला
अमृतसर, 29 अगस्त (जसवंत सिंह जस्स)- नेपाल में हाल ही में आई भयंकर बाढ़ के कारण प्रभावित हुए लोगों के प्रति हमदर्दी प्रकट करते हुए शिरोमणि कमेटी की ओर से राहत और सहायता कार्यों के लिए एक विशेष प्रतिनिधिमंडल नेपाल भेजा जा रहा है। प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने शिरोमणि कमेटी के काठमांडू स्थित सिख मिशन से प्रारंभिक रिपोर्ट लेकर तुरंत प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला किया है। इस प्रतिनिधिमंडल में शिरोमणि कमेटी के सदस्य भाई रजिंदर सिंह मेहता, भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल, एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका और उप सचिव आजाद दीप सिंह को भेजा जा रहा है।
प्रधान एडवोकेट धामी ने कहा कि शिरोमणि कमेटी ने प्राकृतिक आपदाओं के समय हमेशा आगे बढ़कर मानवता की सेवा की है। इस कठिन घड़ी में भी मानवता की सेवा को अपना फर्ज समझते हुए प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने का फैसला किया है। एडवोकेट धामी ने कहा कि गुरु साहिबान द्वारा मानवता की सेवा का दिया संदेश सिख जीवन का अहम हिस्सा है। प्राकृतिक आपदा किसी धर्म, जाति या क्षेत्र की सीमा नहीं देखती, इसलिए दुख की इस घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ा होना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई परिवारों को जान-माल का नुकसान झेलना पड़ा है। ऐसे समय शिरोमणि कमेटी की ओर से भेजा जा रहा प्रतिनिधिमंडल स्थानीय हालात का जायजा लेगा, ताकि जरूरत के अनुसार राहत सामग्री भेजी जा सके।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिबान के दिखाए मार्ग पर चलते हुए शिरोमणि कमेटी की ओर से पहले भी समय-समय पर प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की सहायता की जाती रही है। नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए भी शिरोमणि कमेटी अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी की ओर से ‘सरबत के भले’ की भावना के तहत हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य स्थानीय प्रशासन और सेवा कार्यों में लगी संस्थाओं के साथ तालमेल कर राहत कार्यों को सुचारू ढंग से आगे बढ़ाएंगे। शिरोमणि कमेटी प्रधान ने समस्त संगतों से भी अपील की कि नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए अधिक से अधिक सहयोग और सेवा की भावना के साथ आगे आएं।

