राहुल गांधी पंजाब दौरे दौरान बस के आगे सज्जन कुमार की फोटो लगाकर लाएं- कुलदीप सिंह धालीवाल
अजनाला, (अमृतसर), 24 अगस्त (गुरप्रीत सिंह ढिल्लों)- कांग्रेसी सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताए जाने के बाद अपने दिए बयान से पलटने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी कत्लेआम से जुड़े मामलों के कारण सिख समुदाय के जख्म अभी भी ताजा हैं, इसलिए ऐसे व्यक्ति को रोल मॉडल बताना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
धालीवाल ने कहा कि यदि सज्जन कुमार कांग्रेस के लिए रोल मॉडल हैं तो राहुल गांधी पंजाब दौरे के दौरान अपनी बस के आगे सज्जन कुमार की फोटो लगाकर आएं। उन्होंने कहा कि 1984 की हिंसा को देश कभी नहीं भूल सकता और ऐसे बयान पीड़ित परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं।
उन्होंने पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं प्रताप सिंह बाजवा, राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, परगट सिंह और सुखपाल सिंह खैहरा से अपील की कि वे भी इस मामले पर अपना स्पष्ट रुख सार्वजनिक रूप से सामने रखें।

