शिरोमणि कमेटी प्रधान एडवोकेट धामी आज करेंगे दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारियों से मुलाकात

अमृतसर, 18 अगस्त (जसवंत सिंह जस्स)- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल आज प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के नेतृत्व में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर नवंबर महीने में पाकिस्तान जाने वाले जत्थे के श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए अधिक से अधिक वीजे जारी करने के संबंध में आज नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारियों से मुलाकात करेगा।

उल्लेखनीय है कि इस बार प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने के लिए शिरोमणि कमेटी के पास साढ़े 7 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजे लगवाने के लिए पहुंचे हैं, जबकि इस जत्थे के लिए शिरोमणि कमेटी के पास निर्धारित कोटा केवल 1800 का ही है।

प्राप्त विवरणों के अनुसार, इस प्रतिनिधिमंडल में प्रधान एडवोकेट धामी के अलावा वरिष्ठ सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता और शिरोमणि कमेटी के सचिव बलविंदर सिंह काहलवां समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल द्वारा पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारियों के साथ बातचीत कर इस बार श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक वीजे जारी करने की मांग की जाएगी।

बताने योग्य है कि इस बार भारत से सिख श्रद्धालुओं का जत्था नवंबर महीने के अंतिम सप्ताह में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्री ननकाना साहिब में मनाने के साथ-साथ पाकिस्तान स्थित विभिन्न ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन करने के लिए जाएगा।
 

#शिरोमणि कमेटी प्रधान एडवोकेट धामी आज करेंगे दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारियों से मुलाकात