हरियाणा केएमपी एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक में घुसी तेज रफ्तार पिकअप, छह लोगों की हुई मौत, 14 घायल
फरीदाबाद, 1 सितंबर (PTI) हरियाणा के पलवल में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक पिकअप गाड़ी के खड़े ट्रक से टकराने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए।
यह हादसा सुबह करीब 4.30 बजे हुआ, जब पिकअप गाड़ी में सवार लोग राजस्थान से खाटू श्याम मंदिर और राज्य के दूसरे मंदिरों के दर्शन करके लौट रहे थे और उत्तर प्रदेश के वृंदावन जा रहे थे।
पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि ड्राइवर को नींद आ गई, जिससे यह हादसा हुआ।
उन्होंने कहा कि हादसे के बाद ड्राइवर भी मौके से भाग गया और उसे ढूंढने की कोशिश की जा रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मरने वाले छह लोगों में तीन महिलाएं थीं।
मृतकों की पहचान विजय (75), राजकुमार (40), रेशमा (45), कमला (65), सुधा (52), और महेश (60) के रूप में हुई है।
घायलों को पलवल के एक अस्पताल ले जाया गया, जबकि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पीड़ित उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे।
घायलों ने बताया- ड्राइवर की आंख लगने से हुआ हादसा
हादसे में घायल श्रद्धालुओं के अनुसार, पिकअप में सवार सभी लोग धार्मिक यात्रा पर निकले थे। मंगलवार तड़के केएमपी एक्सप्रेसवे से गुजरते समय चालक की अचानक आंख लग गई। इसी दौरान अनियंत्रित हुई पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

