बाबा राम थम्मण जी के डेरे पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

गुरुहरसहाय (फिरोजपुर), 16 सितंबर (कपिल कंधारी)- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज हलका गुरुहरसहाय के गांव बाजे के में स्थित धन-धन बाबा राम थम्मण जी महाराज के डेरे पहुंचे। उन्होंने डेरे में नतमस्तक होकर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हेलीकॉप्टर के जरिए गुरुहरसहाय पहुंचे।

उनका हेलीकॉप्टर फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर स्थित सरकारी कॉलेज के हेलीपैड पर उतरा, जिसके बाद वह अपने काफिले सहित गांव बाजे के में बाबा राम थम्मण जी महाराज के डेरे पहुंचे। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी बस्ती रुकने वाली में भाजपा के पुराने कार्यकर्ता साथी रजनीश कुमार ‘नीशू’ कंबोज द्वारा अपने निवास पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

इस मौके पर कंबोज परिवार की ओर से मुख्यमंत्री नायब सैनी का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया और उन्हें कृपाण व सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नायब सैनी ने पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर पंजाब सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा बड़े स्तर पर फैला हुआ है और युवा पीढ़ी इसकी चपेट में आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार द्वारा नशे के खात्मे को लेकर किए गए वादे पूरे नहीं किए गए। उन्होंने पंजाब में बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया और कहा कि पढ़े-लिखे युवा रोजगार न होने के कारण दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने चाहिए।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा लोगों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को पंजाब में भी लागू किया जाएगा। उन्होंने हरियाणा और पंजाब की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की तुलना करते हुए कहा कि हरियाणा में बुजुर्गों सहित विभिन्न वर्गों को अधिक सुविधाएं दी जा रही हैं।

नायब सैनी ने पंजाब में बाढ़ के कारण हुए नुकसान का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के किसानों के लिए की गई मदद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में विकास और बदलाव के लिए काम कर रही है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई के कारण आतंकवादी गतिविधियों में कमी आई है और देश की सुरक्षा के लिए जवान हर समय तैयार हैं।

#बाबा राम थम्मण जी के डेरे पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी