ट्राई का बड़ा फैसला: कंपनियों को बिना डेटा वाले प्लान का देना होगा विकल्प

नई दिल्ली, 22 सितंबर - भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने कम आय वाले दूरसंचार उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ट्राई ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को कम वैधता वाले केवल वॉइस कॉल और एसएमएस प्लान पेश करने का निर्देश दिया है। इन प्लान में उचित टैरिफ कटौती भी करनी होगी। इस निर्णय से उन उपभोक्ताओं को अधिक किफायती और लचीले रिचार्ज विकल्प मिलेंगे, जिन्हें डेटा सेवाओं की आवश्यकता नहीं है।
ट्राई ने अपने दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026 में यह बात कही है। इस कदम से उपभोक्ताओं को अपनी आवश्यकताओं और वित्तीय क्षमता के अनुसार रिचार्ज करने के अधिक विकल्प मिलेंगे। नए ढांचे के तहत, सेवा प्रदाताओं को 30 दिन और उससे कम की वैधता अवधि वाले केवल वॉइस और एसएमएस एसटीवी (विशेष टैरिफ वाउचर) पेश करने होंगे। इसके साथ ही, वर्तमान में वॉइस, एसएमएस और डेटा के लिए दिए जा रहे एसटीवी की वैधता अवधि के अनुरूप टैरिफ में उचित कमी भी करनी होगी।

#कंपनियों