बिहार : नाबालिग से अभद्रता का वीडियो वायरल करना पड़ा भारी, 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल पर केस

जमुई, 22 सितंबर - बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा को रास्ते में रोककर कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी किए जाने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। घटना से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले यूजर्स के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर थाना में करीब 120 सोशल मीडिया यूजर्स के प्रोफाइल को शामिल करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने सोमवार को बताया कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानून के तहत गंभीर अपराध है। पुलिस इस मामले में सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो के प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 45/26 दर्ज किया गया है। इस प्राथमिकी में करीब 120 सोशल मीडिया यूजर्स के प्रोफाइल को शामिल किया गया है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो को प्रसारित करने में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो को किस तरह सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया और किन-किन अकाउंट से इसे आगे शेयर या पोस्ट किया गया।

#बिहार