खेलों के जरिए युवाओं को स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रही सरकार : सैनी
पंचकूला, 28 सितंबर (कपिल)- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज ताऊ देवी लाल खेल परिसर, सेक्टर-3 में नमो क्रिकेट लीग-2026 के ग्रैंड फिनाले का उद्घाटन करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दे रही है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों और लोगों को नशा मुक्त भारत का संकल्प भी दिलाया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के खिलाफ जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित की जा रही नमो क्रिकेट लीग में 5 राज्यों की 3200 से अधिक टीमों और 50 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। विभिन्न मुकाबलों में जीत हासिल कर 32 टीमें ग्रैंड फिनाले के लिए पंचकूला पहुंची हैं। प्रतियोगिताएं 4 अक्टूबर तक चलेंगी।
सैनी ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की खेल नीति के तहत प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों को सम्मान और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। पदक विजेता खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जा रहे हैं, जबकि पिछले करीब 12 वर्षों के दौरान 17,544 खिलाड़ियों को 742 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है।
उन्होंने बताया कि इसी अवधि के दौरान 260 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। खेलों के बुनियादी ढांचे पर करीब 1100 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए 2000 खेल नर्सरियां खोली गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी, चेयरमैन मोहन लाल कौशिक, मेयर श्याम लाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवी नगर, मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल खदरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सूफी गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया।


.jpg)

