पंचकूला में कांग्रेस का प्रदर्शन, ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर सरकार को घेरा
पंचकूला, 28 सितंबर (कपिल)- ‘वोट चोरी’ के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की ओर से आज पंचकूला सहित पूरे हरियाणा में प्रदर्शन किए गए। पंचकूला में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जिला सचिवालय के बाहर एकत्रित होकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान कालका से पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से कथित अनियमितताओं के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने और वोटों से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता के वोट की निष्पक्षता और चुनाव प्रक्रिया में लोगों का विश्वास बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर आगे भी अपनी आवाज उठाते रहेंगे।



