घर से कार और मोबाइल चोरी कर ले गए चोर, फिर मालिक को फोन कर बताया कार का ठिकाना

पंचकूला, 25 सितंबर (कपिल)- पंचकूला के सेक्टर-15 में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया। एक घर से मोबाइल फोन और कार की चाबियां चोरी करने के बाद चोर बाहर खड़ी सेल्टोस कार लेकर फरार हो गए। सुबह कार मालिक ने अपने मोबाइल पर फोन किया तो चोर ने कॉल रिसीव कर बताया कि कार इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में खड़ी है और वहां से ले जाने के लिए कहा। इसके बाद उसने फोन बंद कर दिया। मालिक मौके पर पहुंचे तो कार वहीं खड़ी मिली।

मकान नंबर 1046 में रहने वाले अंकुर गुप्ता की पत्नी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दो चोर सुबह करीब ढाई बजे घर की ऊपरी मंजिल में दाखिल होते दिखाई दिए। उन्होंने लॉबी और डाइनिंग हॉल की दराजों की तलाशी ली और मोबाइल फोन, चार्जर तथा कार की चाबियों का गुच्छा उठा लिया। कई चाबियों में से एक चाबी कार की थी। चोर बाकी चाबियों का गुच्छा घर के सामने ग्रीन बेल्ट में फेंककर कार लेकर फरार हो गए।

सुबह करीब 5:30 बजे अंकुर गुप्ता को मोबाइल फोन और कार नहीं मिली। उन्होंने अपनी पत्नी के फोन से अपने नंबर पर कॉल की तो चोर ने फोन उठाकर बताया कि कार इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में खड़ी है। इसके बाद फोन बंद कर दिया गया। बताए गए स्थान पर पहुंचने पर कार चाबी समेत वहीं खड़ी मिली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने के प्रयास कर रही है।

#मोबाइल
# पंचकूला