भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी की ह/त्या, नौकर पर शक, वारदात के बाद फरार
भोपाल, 30 सितंबर - मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके घर में हत्या से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच के मुताबिक अधिकारी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई। घटना रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ घर में रहते थे। पुलिस को शक है कि घर में हाल ही में काम पर रखा गया नौकर इस वारदात में शामिल हो सकता है। बताया जा रहा है कि नौकर को करीब दो दिन पहले ही काम पर रखा गया था। घटना के बाद से वह लापता है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सुबह करीब 4:30 बजे घर के दरवाजे को लेकर परेशानी होने पर मैडम ने कुक की पत्नी को फोन कर बुलाया। वहां पहुंचने के बाद किसी तरह घर के अंदर प्रवेश किया गया। इस दौरान अंदर गैस की तेज गंध महसूस हुई। बताया गया कि गैस सिलेंडर का रेग्युलेटर निकला हुआ था और उसमें पिन लगी थी। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि क्या हत्या के बाद घर में गैस भरकर उसे उड़ाने की कोशिश की गई थी।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार नौकर की तलाश के साथ-साथ हत्या के कारण और घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और नौकर की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

