Old Age Home विवाद में निगम का बड़ा एक्शन, एजेंसी का ठेका रद्द करने की बताई वजह

पंचकूला, 30 सितंबर (कपिल)- सेक्टर-27 स्थित ओल्ड एज होम में रह रहे बुजुर्गों को बाहर निकाले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नगर निगम की कार्रवाई के दौरान ओल्ड एज होम के ताले तोड़े गए और अंदर रह रहे बुजुर्गों को बाहर कर दिया गया। बुजुर्गों ने इस कार्रवाई पर रोष जताते हुए कहा कि उनके साथ अन्याय न किया जाए।
नगर निगम के मुताबिक, ओल्ड एज होम का संचालन करने वाली एजेंसी को ठेका दिया गया था, लेकिन एजेंसी द्वारा निर्धारित शर्तें पूरी न करने के कारण उसका ठेका रद्द करना पड़ा। निगम ने कहा कि बुजुर्गों को बाहर निकाले जाने संबंधी मामले की जानकारी हासिल कर जांच की जाएगी।
वहीं, बुजुर्गों का कहना है कि निगम की ओर से बुनियादी सुविधाओं के संबंध में सहयोग नहीं दिया गया। इसके बाद एजेंसी को शो-कॉज नोटिस जारी कर ठेका रद्द कर दिया गया। बुजुर्गों ने बताया कि एक सप्ताह पहले मिले नोटिस की अवधि मंगलवार को पूरी हुई थी। उनकी ओर से चीफ सेक्रेटरी को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन इससे पहले ही कार्रवाई कर दी गई।
बुजुर्गों का सवाल है कि जिस स्थान को उनके जैसे बेसहारा बुजुर्गों के लिए बनाया गया था, उन्हें इस तरह बाहर निकालने की जरूरत क्यों पड़ी। मामले को लेकर बुजुर्गों में रोष बना हुआ है।

#Old Age Home विवाद में निगम का बड़ा एक्शन
# एजेंसी का ठेका रद्द करने की बताई वजह