गुजरात में भयानक सड़क हादसा, 7 की मौत, 6 घायल

गुजरात, 30 सितंबर- गुजरात के आनंद जिले में अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर एक भयानक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 यात्री घायल हो गए। हादसा बोरियावी गांव के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ।

जानकारी के मुताबिक, राजस्थान जा रही एक बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में सवार ज्यादातर यात्री सो रहे थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और एक्सप्रेसवे एंबुलेंस यूनिट की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव कार्य चलाकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आनंद में हुए इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही मृतकों की पहचान करने और हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाने की कार्रवाई जारी है।

#गुजरात में भयानक सड़क हादसा
# 7 की मौत
# 6 घायल