पंचकूला नगर निगम का स्वच्छता अभियान, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के पार्क में मेयर और पार्षदों ने किया श्रमदान
पंचकूला, 4 अक्टूबर (सुरिंदर गोयल)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत एवं विकसित भारत के संकल्प के तहत पंचकूला नगर निगम की ओर से इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित सार्वजनिक पार्क में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल और स्थानीय पार्षदों ने किया। इस दौरान इंडस्ट्रियल एरिया के स्थानीय लोगों और फैक्टरी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अभियान के दौरान वार्ड नंबर 10 के पार्षद शेखर पांडे और वार्ड नंबर 9 के पार्षद हरिंदर मलिक अपनी टीमों के साथ मौके पर मौजूद रहे। मेयर श्याम लाल बंसल, पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर पार्क और आसपास के सार्वजनिक स्थानों की सफाई की। वहीं नगर निगम की सफाई कर्मचारी टीम ने पार्क की झाड़ियों की छंटाई करने के साथ-साथ एकत्रित कचरे को मौके से हटाया।
इस अवसर पर मेयर श्याम लाल बंसल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास पंचकूला के औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाना है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
वार्ड नंबर 10 के पार्षद शेखर पांडे ने क्षेत्रवासियों से सार्वजनिक पार्कों को साफ रखने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने स्थानीय उद्योगों के मालिकों और लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने का आग्रह किया।
वहीं वार्ड नंबर 9 के पार्षद हरिंदर मलिक ने कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया का विकास, सड़कों की मरम्मत और बुनियादी स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ऐसे स्वच्छता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
अभियान में स्थानीय लोगों, व्यापारियों, समाजसेवियों और नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने श्रमदान किया। इस दौरान लोगों ने पार्क के रखरखाव और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए भविष्य में भी सहयोग करने का संकल्प लिया।



