सीएम शुभेंदु का बड़ा एलान: बंगाल में छह महीने में लागू होगा यूसीसी

कोलकाता, 4 अक्टूबर - पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य में उत्तराखंड और गुजरात की तर्ज पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। इसके साथ ही सरकार ‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ के खिलाफ भी कानून बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कानूनों को अगले छह महीने में लाने की तैयारी है।
 
मुख्यमंत्री ने कोलकाता में आयोजित विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के एक कार्यक्रम में कहा कि उनकी सरकार संविधान के अनुसार काम करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार भारतीय संस्कृति पर किसी भी तरह का हमला नहीं होने देगी और पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक धार्मिक पर्यटन सर्किट भी विकसित किया जाएगा। इसे अगले दो वर्षों में करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।

#सीएम शुभेंदु
# बंगाल
# यूसीसी