West Bengal: कोलकाता में सीजेपी के सभी कार्यक्रम रद्द
कोलकाता, 18 अगस्त - पश्चिम बंगाल में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने आरोप लगाया है कि कोलकाता में उसका प्रस्तावित कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं की कथित धमकी और राज्य प्रशासन के दबाव के कारण रद्द हो गया। सीजेपी के मुताबिक, उत्तर कोलकाता के भारत सभा हॉल में होने वाले कार्यक्रम को अंतिम समय में रद्द कर दिया गया। संगठन का दावा है कि हॉल के मालिकों को कथित तौर पर धमकियां मिली थीं।
सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत सभा हॉल के मालिकों को धमकी मिलने के बाद कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। रांका के अनुसार, इसके बाद संगठन ने छह अन्य हॉल से भी संपर्क किया, लेकिन सभी ने कार्यक्रम आयोजित करने से इनकार कर दिया। सीजेपी का दावा है कि इन हॉल संचालकों ने इसके पीछे राज्य प्रशासन की ओर से बनाए गए भारी दबाव का हवाला दिया।

