रेलवे: ट्रेन में तेज आवाज में मोबाइल पर वीडियो देखना पड़ेगा महंगा, जुर्माना और जेल भी संभव

मुंबई, 19 अक्टूबर - भारतीय रेलवे अब यात्रियों को ट्रेनों और रेलवे परिसरों में मोबाइल फोन पर तेज आवाज में संगीत या वीडियो चलाने से रोकने के लिए अभियान चलाएगी। उल्लंघन करने पर जुर्माना या कारावास का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिणी रेलवे ने 6 अक्तूबर को एक परिपत्र जारी किया है। इसमें यात्रियों को बताया गया है कि तेज आवाज में मोबाइल के इस्तेमाल पर कार्रवाई हो सकती है।

इसमें 1,000 रुपये तक का जुर्माना और/या छह महीने तक की जेल शामिल है। उत्तरी रेलवे और पश्चिमी रेलवे जोन ने भी ट्रेनों में मोबाइल फोन के व्यापक दुरुपयोग को रोकने के लिए कदम उठाने का फैसला किया है। एक वरिष्ठ उत्तरी रेलवे अधिकारी ने इसे दक्षिणी रेलवे का सही कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को हेडफोन का उपयोग करने के लिए अनुशासित करना जरूरी है।

रेलवे जोन सार्वजनिक संबोधन प्रणालियों के माध्यम से यात्रियों को जागरूक करेंगे। उन्हें ट्रेनों और रेलवे परिसरों में मोबाइल फोन पर तेज आवाज में संगीत या वीडियो चलाने से बचने के लिए कहा जाएगा। दक्षिणी रेलवे के परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि स्पीकर मोड पर संगीत या वीडियो चलाने पर कार्रवाई होगी। तेज बातचीत करने पर भी यह नियम लागू होगा। इसमें 1,000 रुपये तक का जुर्माना या छह महीने तक की कैद का प्रावधान है। अधिकारियों ने बताया कि कानून में आवश्यक संशोधन किए गए हैं।

#रेलवे
# ट्रेन