आर.सी.एफ. द्वारा मेमू रेक, वंदे भारत और बांग्लादेश रेलवे के लिए रेल डिब्बे तैयार करने का प्रयास सराहनीय - सुनील कुमार

कपूरथला, 22 अगस्त (अमरजीत कोमल)- रेलवे बोर्ड के एडिशनल सदस्य (प्रोडक्शन यूनिट) सुनील कुमार ने आज रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला की वर्कशॉप का दौरा कर निर्माणाधीन मेमू रेक और बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार किए जा रहे रेक का निरीक्षण किया। उन्होंने एक्स.आर.एफ. के माध्यम से सीटों की की जा रही टेस्टिंग, व्हील शॉप के पास निर्धारित लाइन पर वंदे भारत के बोगी यूनिट, आर.सी.एफ. की विभिन्न उत्पादन सुविधाओं, शीट मेटल शॉप में मशीनों के संचालन और शेल असेंबली शॉप में कोच सेल के उत्पादन व जिग्स सुविधा का निरीक्षण किया।

वर्कशॉप में विभिन्न रेल डिब्बों और अन्य गतिविधियों का निरीक्षण करने के बाद सुनील कुमार ने आर.सी.एफ. के जनरल मैनेजर अजय नंदन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की। इसमें आर.सी.एफ. की गतिविधियों, उत्पादन कार्यक्रम और उपलब्धियों से संबंधित प्रेजेंटेशन भी दी गई। एडिशनल सदस्य ने बैठक में उत्पादन गुणवत्ता, तकनीकी अपग्रेडेशन और वेंडर विकास पर चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स के बारे में अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।

इस मौके पर बोलते हुए सुनील कुमार ने उच्च स्तरीय निर्माण और गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार किए जा रहे रेल डिब्बों, मेमू रेक और वंदे भारत ट्रेनसेट जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को पूरा करने के लिए आर.सी.एफ. के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आर.सी.एफ. के वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि वे गुणवत्ता, सुरक्षा और नवाचार को बनाए रखते हुए उत्पादन लक्ष्य को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए लगातार ध्यान केंद्रित करें।

बैठक में अतुल सिंह, प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (प्रोडक्शन यूनिट) और दीपक त्रिपाठी, डायरेक्टर टेक्निकल (राइट्स) विशेष रूप से उपस्थित थे। बाद में एडिशनल सदस्य ने आर.सी.एफ. की मान्यता प्राप्त यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर उनके द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों और मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

#आर.सी.एफ. द्वारा मेमू रेक
# वंदे भारत और बांग्लादेश रेलवे के लिए रेल डिब्बे तैयार करने का प्रयास सराहनीय - सुनील कुमार