जालंधर के गेस्टहाउस में युवती की लाश मिलने के मामले में बड़े खुलासे
जालंधर, 12 अगस्त (दविंदर)- जालंधर के एक गेस्टहाउस से मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवती आरोपी युवक से शादी करने की जिद कर रही थी। बताया जा रहा है कि इससे नाराज होकर आरोपी ने उसका सिर दीवार से टकरा दिया। आरोपी पहले से शादीशुदा था और युवती के साथ केवल लिव-इन रिलेशनशिप में रहना चाहता था।
मृतका की बहन दीपिका शर्मा ने आरोप लगाया कि ज्योतिका की बेरहमी से हत्या की गई। उन्होंने बताया कि ज्योतिका की आंखें सूजी हुई थीं और उसकी टांगें मुड़ी हुई थीं। परिवार के अनुसार, आरोपी विशु डिंगरा पिछले करीब दो साल से ज्योतिका का पीछा कर रहा था और उसके साथ करीब डेढ़ लाख रुपये की ठगी भी कर चुका था।
ज्योतिका शर्मा का शव सोमवार सुबह जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक गेस्टहाउस से बरामद हुआ था। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और मंगलवार को आरोपी विशु डिंगरा को होशियारपुर से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम के बाद ज्योतिका का अंतिम संस्कार जालंधर के किशनपुरा श्मशानघाट में किया गया। माता-पिता के निधन के बाद परिवार में अकेली बची बड़ी बहन दीपिका शर्मा ने अपनी छोटी बहन ज्योतिका की चिता को मुखाग्नि दी।

