डिजिटल एजुकेशन यूनिवर्सिटी बिल से पंजाब की युवा पीढ़ी की लूट होगी - राणा इंदर प्रताप सिंह

सुल्तानपुर लोधी, 10 अगस्त- पंजाब सरकार द्वारा विधानसभा में लाए गए डिजिटल एजुकेशन यूनिवर्सिटी बिल पर प्रतिक्रिया देते हुए सुल्तानपुर लोधी से निर्दलीय विधायक राणा इंदर प्रताप सिंह ने कहा कि इस बिल से पंजाब में उच्च शिक्षा का स्तर नीचे जाएगा और विद्यार्थियों की बड़े स्तर पर लूट होगी।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में पेश किए गए डिजिटल एजुकेशन यूनिवर्सिटी बिल पर 117 विधायकों में से केवल 3 विधायक ही बोल सके, जबकि कई विधायकों और मंत्रियों ने बिल को ठीक से पढ़ा तक नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें भी इस बिल पर अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया।

राणा इंदर प्रताप सिंह ने सवाल उठाया कि इंजीनियरिंग, मेडिकल और पैरामेडिकल जैसी प्रैक्टिकल शिक्षा ऑनलाइन किस तरह दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के 2020 के शिक्षा संबंधी नियमों में भी ऐसी शिक्षा को लेकर स्पष्ट प्रावधान हैं।

उन्होंने पंजाब सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार आंखें बंद करके इस बिल को किस तरह पास करवा रही है। उन्होंने कहा कि जिन पाठ्यक्रमों में प्रैक्टिकल शिक्षा जरूरी है, उन्हें पूरी तरह ऑनलाइन उपलब्ध करवाना विद्यार्थियों के हित में नहीं है।

राणा इंदर प्रताप सिंह ने पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे इस बिल का डटकर विरोध करें, ताकि निजी डिजिटल यूनिवर्सिटियों के नाम पर विद्यार्थियों का आर्थिक शोषण न हो सके।

 
#डिजिटल एजुकेशन यूनिवर्सिटी बिल से पंजाब की युवा पीढ़ी की लूट होगी - राणा इंदर प्रताप सिंह