द्वारका में 221 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन; राष्ट्रपति, PM मोदी समेत कई हस्तियां होंगी शरीक
नई दिल्ली, 20 अक्टूबर - विजयादशमी पर मंगलवार को दिल्ली की रामलीलाओं में राम-रावण युद्ध और रावण दहन के साथ देश की राजनीति के कई बड़े चेहरे भी नजर आएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी व राहुल गांधी राजधानी में अलग-अलग दशहरा समारोहों में शामिल होंगे।
ये शीर्ष नेता द्वारका, पूर्वी दिल्ली और लालकिला मैदान में जाएगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारका सेक्टर-10 में द्वारका श्री रामलीला सोसायटी की ओर से आयोजित दशहरा समारोह में शामिल होंगी। यहां रामलीला के समापन पर 221 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। विशाल पुतले के साथ विजयादशमी का यह आयोजन द्वारका के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज स्थित आईपी एक्सटेंशन रामलीला समिति के दशहरा समारोह में पहुंचेंगे। यहां राम-रावण युद्ध के मंचन के बाद रावण दहन होगा। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में यहां नकली दवाइयों के कारोबार का पुतला जलाया जाएगा।
लालकिला मैदान में लव-कुश रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित दशहरा समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शामिल होंगे। यहां रामलीला के अंतिम प्रसंगों के मंचन के बाद रावण दहन किया जाएगा। लालकिला मैदान की रामलीला राजधानी के प्रमुख दशहरा आयोजनों में गिनी जाती है। इसी तरह, नवश्री धार्मिक लीला कमेटी के दशहरा समारोह में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी शामिल होंगे।

