दुर्गा पूजा के अंतिम दिन ‘सिंदूर खेला’ का आयोजन, भाजपा नेताओं और बंगाली अभिनेत्रियों ने लिया हिस्सा
कोलकाता, 21 अक्टूबर (पश्चिम बंगाल) - दुर्गा पूजा के अंतिम दिन ‘सनातन संघ’ की ओर से ‘सिंदूर खेला’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेताओं के साथ बंगाली फिल्म जगत की अभिनेत्रियां भी शामिल हुईं। विजयदशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मां दुर्गा को विदाई दी गई और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ पर्व मनाया।
इस मौके पर अभिनेत्री स्राबंती चटर्जी ने कहा कि आज मां दुर्गा विदा हो रही हैं और अब भक्तों को अगले एक साल तक उनका इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा, “आज के दिन मां जा रही है और हमें फिर से एक साल तक मां का इंतजार करना होगा। फिर भी हम सब विजयदशमी मना रहे हैं, तो बहुत अच्छा लग रहा है।”
दुर्गा पूजा के अंतिम दिन ‘सिंदूर खेला’ बंगाली परंपरा का एक प्रमुख हिस्सा है। इसमें महिलाएं मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित करने के बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख, समृद्धि और सौभाग्य की कामना करती हैं।

