राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर - राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि मंदिर में चढ़ावे की चोरी ही नहीं हुई, बल्कि मंदिर निर्माण के लिए देशभर के करोड़ों लोगों से जुटाए गए हजारों करोड़ रुपये के चंदे में भी हेराफेरी की गई। उन्होंने भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद पर तंज कसते हुए कहा, ‘भाजपा, आरएसएस, वीएचपी का सपना, चंदे का माल अपना।’ कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री से हमारा सीधा सवाल है कि आपकी नाक के नीचे चंदे की यह चोरी हुई, तो आपने मौन सहमति देकर इस पाप में भागीदार बनना क्यों चुना?

जयराम रमेश ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े जमीन के सौदों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्या यह सही नहीं है कि उस दिन शाम 7:10 बजे तिवारी और अंसारी ने कुसुम पाठक से जमीन दो करोड़ रुपये में खरीदी थी। इसके महज पांच मिनट बाद, शाम 7:15 बजे, उसी जमीन को ट्रस्ट ने चंपत राय के माध्यम से 18.5 करोड़ रुपये में खरीद लिया। रमेश ने सवाल किया कि आखिर पांच मिनट के भीतर जमीन की कीमत में इतनी बड़ी बढ़ोतरी कैसे हो गई? उन्होंने इसे कथित लूट बताते हुए इस सौदे पर जवाब मांगा। 

#राम मंदिर