अंतरराष्ट्रीय एथलीट रोहित: एशियाड पदक के बाद डभिया में मनी 'रोशन दिवाली', एक फ्रेम में दिखा चैंपियन परिवार
जाैनपुर, 9 नवंबर - जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेल में भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) स्पर्धा का कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय एथलीट रोहित यादव के पैतृक आवास पर इस बार की दीपावली बेहद खास और यादगार रही। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली ऐतिहासिक कामयाबी, पिता सभाजीत यादव की दिल्ली मैराथन में स्वर्णिम जीत और घर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण शुरू होने के बाद पूरे परिवार ने पहली बार एक साथ दीपोत्सव की खुशियां बांटीं।
मछलीशहर तहसील के पंवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत डभिया गांव निवासी रोहित यादव के लिए बीता एक महीना उपलब्धियों से भरा रहा। भुवनेश्वर में 87.05 मीटर भाला फेंककर सत्र का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने, नागोया एशियाड में 84.35 मीटर के साथ कांस्य पदक जीतने के बाद रोहित को लगातार राष्ट्रीय मंचों पर सम्मान मिला।
मुंबई में एसबीआई फाउंडेशन द्वारा तीन लाख रुपये, भुवनेश्वर में केआईटी-किस्स (KIIT-KISS) द्वारा चार लाख रुपये के नकद पुरस्कार और फिर राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में 'यूथ आइकॉन' सम्मान मिलने के बाद रोहित अपने घर लौटे थे। इन खुशियों और प्रशासनिक पहल पर घर तक पक्की सड़क की ईंट जुड़ाई से बने रास्ते से इस दीपावली पर डभिया गांव में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया।

