नोएडा की हवा बेहद खराब: दिवाली के अगले दिन हवा में सांस लेना हुआ मुश्किल

नई दिल्ली, 9 नवंबर - दिवाली पर आतिशबाजी का असर अगले दिन शहर की हवा में साफ नजर आया। रातभर चले पटाखों के शोर और उनसे निकले धुएं ने नोएडा की आबोहवा को जहरीला बना दिया। हालात ऐसे रहे कि दिवाली की रात 12 बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 1061 तक पहुंच गया। इससे लोगों के लिए खुले में सांस लेना तक मुश्किल हो गया।

सीपीसीबी के अनुसार, दिवाली के अगले दिन सोमवार सुबह भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली। सेक्टर-62 शहर का सबसे प्रदूषित इलाका रहा। यहां सुबह नौ बजे तक एक्यूआई 427 दर्ज किया गया। 
वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे नोएडा का औसत एक्यूआई 341 रहा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ प्रदूषण के स्तर में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही। 
दिवाली पर शहर के सेक्टर-18, सेक्टर-27, सेक्टर-62, सेक्टर-75, सेक्टर-76 और सेक्टर-137 समेत विभिन्न इलाकों में देर रात तक आतिशबाजी होती रही। पटाखों से निकलने वाले धुएं और सूक्ष्म कणों के कारण हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा। इसका असर सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों और खुले में काम करने वालों पर भी पड़ने की आशंका है।

#नोएडा
# दिवाली