पराली पर राजनीति नहीं, स्थायी समाधान होना चाहिए
पराली पर सियासी तू तू-मैं मैं के बीच देश की राजधानी सहित बहुत से क्षेत्रों के लोगों का सांस लेना दूभर हो जाता है। प्रत्येक वर्ष राजनीति उफान पर होती है। नेता एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा लगाए जाते हैं। गलती का ठीकरा दूसरी सरकार या राज्य पर फोड़ा जाता है। लगता है लोगों की खराब होती सेहत से किसी का लेना-देना नहीं है। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण में पराली जलाने को बड़ा कारण माना जाता है। पंजाब, हरियाणा आदि राज्यों में लगातार पराली जलाई जाती है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस साल पंजाब में धान की कटाई लगभग अंतिम चरण में है। रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के कुल 32.87 लाख हेक्टेयर धान क्षेत्र में से लगभग 95 फीसदी हिस्से में कटाई पूरी हो गई है। इसके बावजूद खेतों में पराली जलाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 9 नवम्बर, 2026 तक की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में पराली जलाने के कुल 4,657 मामलों में अब तक 1,442 एफआईआर दर्ज की गई हैं। वहीं, पर्यावरणीय जुर्माने के तौर पर 7 करोड़ 28 लाख 50 हज़ार रुपये में से 3 करोड़ 36 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है। अकेले दिवाली के दिन अचानक भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दिन पंजाब में खेतों में आग लगाने की 1,152 घटनाएं सामने आईं, जो 2026 के मौजूदा सीजन में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसी के साथ पराली को लेकर राजनीति भी होने लगी है। दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर हाल के दिनों में भाजपा लगातार पंजाब में पराली जलाने के मामलों को मुद्दा बना रही है। इसी कड़ी में दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने भी पंजाब की पराली का ज़िक्र करते हुए दिल्ली की खराब हवा पर चिंता जताई थी। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने मोर्चा संभालते हुए भाजपा पर पंजाब और किसानों को बदनाम करने का आरोप लगाया।
देश की राजधानी दिल्ली और आस-पास का क्षेत्र गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी वायु प्रदूषण की चपेट में है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दीपावली के बाद दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। अनेक क्षेत्रों में वायु गुणवत्त सूचकांक 400 के पर पहुंच चुका है। कई इलाकों में गहरी धुंध छाई हुई है। सुप्रीम कोर्ट के ग्रीन पटाके चलाने के आदेश भी हवा हवाई साबित हुए हैं। लोगों ने खूब पटाके चलाये। कहा जा रहा है पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में जलाई जा रही पराली ने भी दिल्ली में प्रदूषण फैलाया है। इसी के साथ सियासी घमासान भी शुरू हो गया है। पराली का अब तक कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकल पाया है। इसका खमियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
पराली धान की फसल के कटने बाद बचा शेष हिस्सा होता है जिसकी जड़ें ज़मीन में होती हैं। किसान फसल पकने के बाद फसल का ऊपरी हिस्सा काट लेते हैं। शेष हिस्सा अवशेष होता है। अगली फसल बोने के लिए किसानों को खेत खाली करने होते हैं तो सूखी पराली को आग लगा दी जाती है। बड़ पैमाने में खेतों में पराली को जलाने से धुएं से निकलने वाली कार्बन मोनो ऑक्साइड और कार्बन डाइऑक्साइड गैसों से ओजोन परत में छिद्र हो जाते हैं। इससे अल्ट्रावायलेट किरणें, जो स्किन के लिए घातक होती हैं, सीधे धरती पर पहुंच जाती हैं।
धुएं से आंखों में जलन होने लगती है। सांस लेने में दिक्कत होती है और फेफड़ों की बीमारियां हो सकती हैं। इसका सबसे अधिक बुरा असर बुज़ुर्गों, बच्चों और कमज़ोर या पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों पर पड़ता है। दिल्ली में दम घोंटू ज़हरीली हवा हर साल तबाही मचाती है। प्रदूषण की वजह से हर साल कई लाख करोड़ का नुकसान होने का अनुमान है।
-मो. 89495-19406



