छठ पर्व पर CM धामी ने दी शुभकामनाएं, पलायन रोकने पर दिया जोर

खटिमा (उत्तराखंड), 16 नवंबर - उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के ग्राम 22 पुल खिलाड़ी स्थित छठ घाट पर पहुंचकर छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन छठव्रतियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने व्रतधारी महिलाओं से बातचीत की और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में छठ महापर्व बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस पर्व पर माताएं, बहनें और बेटियां कठिन निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करती हैं। आज पर्व का अंतिम दिन है और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रत संपन्न हो रहा है। उन्होंने कामना की कि मां छठी मैया और भगवान सूर्य देव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने गृह क्षेत्र से भावनात्मक जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनका बचपन इसी क्षेत्र में बीता है, इसलिए यहां के हर परिवार, गांव और घर से उनका आत्मीय रिश्ता है। उनका प्रयास रहता है कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्वों पर लोगों के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात करें और शुभकामनाएं दें।

सीमावर्ती गांवों के विकास पर दिया जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह क्षेत्र 'वाइब्रेंट विलेज' के अंतर्गत आता है। पहले सीमावर्ती गांवों को अंतिम गांव कहा जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें देश के पहले गांवों की संज्ञा दी है। सरकार इन गांवों के विकास के लिए लगातार योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिले, मातृशक्ति को मजबूत बनाया जाए और युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण व रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इससे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम मिल सकेगा और उन्हें रोजगार के लिए पलायन करने की मजबूरी नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमावर्ती गांवों में बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि इन क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

#छठ पर्व पर CM धामी ने दी शुभकामनाएं
# पलायन रोकने पर दिया जोर