सोनिया गांधी की पुस्तक : प्रेम, पीड़ा और सत्ता के गलियारों की कहानी
व्यक्ति का जीवन जब इतिहास के महत्वपूर्ण मोड़ों का साक्षी होता है तो वह आत्मकथा निजी अनुभवों का दस्तावेज होते हुए भी सार्वजनिक रुचि का विषय बन जाती है। सोनिया गांधी की नई पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑ़फ लव’ ऐसी ही एक जीवन यात्रा की किताब है। 10 नवम्बर 2026 को हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित 544 पृष्ठों की इस पुस्तक पर वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई और वीर सांघवी ने इसके मानवीय तथा प्रेम संबंधी पक्ष को महत्वपूर्ण बताया है। गार्जियन ने इसमें निजी त्रासदियों के साथ भारतीय राजनीति के बदलते स्वरूप को रेखांकित किया है।
जबकि द फेडरल के पुनीत निकोलस यादव ने राजनीतिक खुलासों और आत्ममंथन की कमी की ओर ध्यान दिलाया है। इन अलग-अलग दृष्टिकोणों के बीच पुस्तक को समझना रोचक हो जाता है। लंदन के राज परिवार के बारे में छोटे बड़े विवरण जानना वहां आम जनता की सर्वथा रुचि का विषय होता है। इसी तरह चर्चित व्यक्तित्वों की आत्म कथाएं हाथों हाथ बिक जाती हैं। आश्चर्य नहीं यह पुस्तक भी बिक्री के रिकॉर्ड बना रही है।
सोनिया गांधी का जन्म इटली के ओरबासानो कस्बे में हुआ था। उनका मूल नाम सोनिया मायनो था। युवावस्था में पढ़ाई के लिए वे इंग्लैंड गईं। कैम्ब्रिज में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई। प्रेम हुआ और 1968 में विवाह के बाद वे भारत आ गईं। नए देश, नई भाषा और बिल्कुल अलग संस्कृति में स्वयं को ढालना आसान नहीं होता। इंदिरा गांधी की बहू के रूप में उनका जीवन सामान्य पारिवारिक जीवन नहीं था। धीरे-धीरे भारत उनके लिए केवल पति का देश नहीं, अपना घर बन गया।
पुस्तक का मार्मिक पक्ष उनके निजी जीवन की त्रासदियां हैं। 1969 में उनके पहले बच्चे का जन्म समय से पहले हुआ और कुछ ही घंटों में उसकी मृत्यु हो गई। इस दुख का विवरण उन्होंने पहली बार इतने विस्तार से साझा किया है। यह जानना आम लोगों के लिए सर्वथा नई जानकारी है। इसके बाद 1980 में संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मृत्यु, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या ने उनके जीवन को गहरे आघात दिए। राजीव की हत्या के बाद वे पूरी तरह टूट गई थीं। उनकी बहन ने उन्हें इटली लौट जाने की सलाह भी दी थी लेकिन उन्होंने भारत में ही रहने का निर्णय लिया। उनके बच्चे, परिवार और स्वयं उनका जीवन इसी देश से जुड़ चुका था।
पुस्तक में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ के बाद घर में ग्रेनेड मिलने की घटना और आपातकाल के प्रसंग भी उन्होंने लिखे हैं। सोनिया गांधी आपातकाल के लिए संजय गांधी और कुछ अन्य नेताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण मानती हैं। संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के साथ पारिवारिक संबंधों में आई दूरी का भी उन्होंने उल्लेख किया है। इन प्रसंगों से गांधी परिवार का वह निजी पक्ष सामने आता है जो सामान्यत: राजनीतिक खबरों में दिखाई नहीं देता।
राजीव गांधी की मृत्यु के बाद सोनिया ने लंबे समय तक राजनीति से दूरी बनाए रखी। लेकिन 1998 में उन्होंने कांग्रेस की जिम्मेदारी स्वीकार की। वे लगभग दो दशकों तक पार्टी की अध्यक्ष रहीं। 2004 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने का अवसर आया लेकिन उन्होंने यह पद स्वीकार नहीं किया। डा. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने। गठबंधन के विभिन्न दलों को साथ लेकर चलना उनकी राजनीतिक क्षमता का महत्वपूर्ण पक्ष रहा।
पुस्तक में वर्तमान राजनीति पर भी उनकी स्पष्ट टिप्पणियां हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ पिछले 12 वर्षों की उनकी संवादहीनता, राजनीतिक विरोधियों के प्रति व्यवहार, मीडिया की स्वतंत्रता व लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थिति पर उन्होंने उनकी चिंता व्यक्त की है। वे नेहरू और गांधी की समावेशी भारत की अवधारणा को भाजपा और आरएसएस की विचारधारा से अलग मानती हैं। उनके अनुसार भारतीय राजनीति में पहले विरोध के बावजूद व्यक्तिगत संवाद और शिष्टाचार की परम्परा थी जो उनकी दृष्टि में कमजोर हुई है।
पुस्तक की कुछ सीमाएं भी हैं। बोफोर्स विवाद, शाहबानो प्रकरण, नरसिंह राव के साथ संबंध और कांग्रेस के संगठनात्मक पतन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपेक्षित विस्तार नहीं है। परिवारवाद और पार्टी की राजनीतिक कमजोरियों पर भी गंभीर आत्ममंथन दिखाई नहीं है। इस दृष्टि से द फेडरल की समीक्षा का प्रश्न उचित है कि इतने लंबे राजनीतिक अनुभव के बावजूद कई बड़े विवादों पर लेखिका खुलकर क्यों नहीं लिखतीं? यहां मुझे हरिवंश राय बच्चन जी की आत्मकथा या महात्मा गांधी की आत्मकथा याद आती है जिनमें उन्होंने अपने कमजोर पक्षों पर भी बिना छिपाये स्पष्ट लिखा हुआ है।
मेरी दृष्टि में इस पुस्तक को दो स्तरों पर पढ़ना चाहिए। पहला, यह सोनिया गांधी का निजी संस्मरण है जिसमें उनकी स्मृतियां और अपना दृष्टिकोण है। दूसरा, यह भारतीय राजनीति के एक महत्वपूर्ण दौर की एक सहभागी द्वारा प्रस्तुत उनकी एकांगी व्याख्या है। इसलिए इसमें वर्णित घटनाओं और निष्कर्षों को स्वतंत्र ऐतिहासिक तथ्यों के साथ पाठक को उसकी समझ मिलाकर देखना चाहिए।
इस पुस्तक का सबसे सुंदर पक्ष अपनेपन की अनुभूति है। मनुष्य का अपना देश केवल वह नहीं होता जहां उसका जन्म हुआ हो। जहां वह प्रेम करता है, परिवार बनाता है, सुख-दुख साझा करता है और जीवन की जिम्मेदारियां निभाता है, वह स्थान भी उसका अपना बन जाता है। इटली में जन्मी एक युवती का भारत को अपना घर बना लेना इसी भाव की कहानी है।
सोनिया गांधी के राजनीतिक निर्णयों से असहमति हो सकती है। उनके नेतृत्व की आलोचना भी की जा सकती है लेकिन उनके व्यक्तिगत संघर्ष और पारिवारिक त्रासदियों को नकारा नहीं जा सकता। बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑ़फ लव राजनीति के खुलासों से अधिक एक स्त्री के प्रेम, पीड़ा, पहचान और अपनेपन की यात्रा है।

