‘ऩफरती शासकों’ के लिये सन्देश हैं अमरीकी उप-चुनाव

अमरीकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अमरीकी संसद (कांग्रेस) के दोनों सदनों यानी सीनेट और हाउस ऑफ॒ रिप्रेज़ेन्टेटिव्स पर पूर्ण नियंत्रण हासिल कर लिया है। रिपब्लिकन पार्टी के दोनों सदनों में बहुमत खोने के बाद अब ट्रम्प के शेष कार्यकाल के लिए अमरीका में ‘विभाजित सरकार’ की स्थिति बन गई है। 13 नवम्बर 2026 तक घोषित आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार ऊपरी सदन यानी 100 सीटों वाली यूएस सीनेट में 55 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। डेमोक्रेटिक पार्टी में दो निर्दलीय सांसद भी शामिल हैं जो डेमोक्रेट्स के साथ गठबंधन में हैं जबकि सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी 44 सीटों पर सिमट गई है। इसी तरह कुल 435 सीटों वाले निचले सदन यानी यूएस हाउस ऑ़फ रिप्रेज़ेन्टेटिव्स में जहां बहुमत के लिए 218 सीटों की आवश्यकता होती है, अब तक घोषित 424 सीटों में से डेमोक्रेटिक पार्टी ने 255 सीटें जीत ली हैं, जबकि रिपब्लिकन पार्टी को 169 सीटें मिली हैं। यह पिछले 112 वर्षों में हाउस चुनावों में डेमोक्रेट्स की दूसरी सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है। कई रिपब्लिकन गढ़ों में सेंध लगाते हुये डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने उन राज्यों में भी कई सीनेट सीटें जीतीं जिन्हें पारंपरिक रूप से रिपब्लिकन गढ़ माना जाता है। इनमें आयोवा, नॉर्थ कैरोलिना, मेन (ट्रॉय डेल जैक्सन), साउथ कैरोलिना (एनी एंड्रयूज़) और मिसिसिपी (स्कॉट कोलोम) जैसी सीटें शामिल हैं। इसी तरह जॉर्जिया में डेमोक्रेट कीशा लांस बॉटम्स अमरीका के किसी भी राज्य की गवर्नर चुनी जाने वाली पहली अश्वेत महिला बनीं। वहीं न्यू मैक्सिको में डेब हैलैंड अमरीका की पहली मूल अमरीकी महिला गवर्नर चुनी गईं। मिशिगन से अब्दुल अल-सैयद देश के पहले मुस्लिम सीनेटर और न्यू हैम्पशायर से क्रिस पप्पास पहले खुले तौर पर समलैंगिक पुरुष सीनेटर चुने गए हैं। माना जा रहा है कि जनवरी 2027 में नई कांग्रेस के शपथ लेने के बाद राष्ट्रपति ट्रम्प के लिए अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाना अब बेहद कठिन हो जाएगा। सीनेट और हाउस दोनों पर नियंत्रण होने के कारण डेमोक्रेटिक पार्टी अब राष्ट्रपति ट्रम्प द्वारा की जाने वाली न्यायिक और कैबिनेट नियुक्तियों को रोकने की शक्ति रखेगी। इसके साथ ही, डेमोक्रेटिक नेतृत्व वाली संसदीय समितियां व्हाइट हाउस के कामकाज और नीतियों की जांच भी शुरू कर सकेंगी।
अब सवाल यह है कि क्या शांतिप्रिय अमरीकी जनता को ट्रम्प की ‘मागा’ ‘(मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) मुहिम रास नहीं आयी या फिर वे ‘मागा’ की आड़ में छुपे ट्रम्प के ऩफरती व पूंजीवादी एजेंडे को पहचान गये? दरअसल ईरान पर अमरीका द्वारा अकारण युद्ध थोपे जाने और गाज़ा नरसंहार के नायक बेंजामिन नेतन्याहू के लगभग हर मानवता विरोधी मिशन में उसका साथ देते रहने वाले ट्रम्प ने अपने भाषणों में साम्प्रदायिकता का ज़हर उगलकर पिछले दिनों हुए अमरीकी उपचुनावों को भी नफरती रंग देने की भरपूर कोशिश की। उन्होंने चुनाव अभियानों के दौरान डेमोक्रेटिक पार्टी के मुस्लिम उम्मीदवारों के खिलाफ कई तीखे व विवादास्पद बयान दिए। इनमें आतंकवाद से जोड़ना, नागरिकता पर सवाल उठाना, नाम बिगाड़ना और धार्मिक कानून का डर दिखाना आदि शामिल था। मिसाल के तौर पर मिशिगन से यूएस सीनेट का चुनाव जीतने वाले डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद चुनाव प्रचार के दौरान ट्रम्प के निशाने पर रहे। ट्रम्प ने मिशिगन की चुनावी रैलियों में अल-सैयद को बार-बार ‘क्रूर, हिंसक व जिहादी’ कहा। ट्रम्प ने कहा कि वे मिशिगन इसलिए आए हैं ताकि ‘एक जिहादी ‘मुस्लिम ब्रदरहुड’ सदस्य को अमरीकी सीनेटर बनने से रोका जा सके’। चुनाव से ठीक पहले 1 नवम्बर 2026 को एक रैली में ट्रम्प ने कहा था कि यदि अल-सैयद चुनाव जीत जाते हैं, तो सीनेट में प्रवेश करने से पहले उनकी जांच करने के लिए वहां ‘मेटल डिटेक्टर’ लगाने पड़ेंगे। उन्होंने अपने भाषणों में जानबूझकर अब्दुल अल-सैयद को ‘मोहम्मद’ कहकर संबोधित किया। ट्रम्प के नफरती बयान की हद तो यह है कि उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अल-सैयद को हराकर ‘उन्हें वापस वहीं भेज दें जहां से वह आए हैं’ जबकि अल-सैयद का जन्म अमरीका के मिशिगन में ही हुआ है। इसके अतिरिक्त ट्रम्प ने अल-सैयद का विरोध करने के लिए 9/11 आतंकी हमलों की तस्वीरों का भी इस्तेमाल किया।॒
इतना ही नहीं बल्कि ट्रम्प ने हाउस ऑ़फ रिप्रेज़ेन्टेटिव्स अर्थात प्रतिनिधि सभा की वर्तमान मुस्लिम सदस्यों इल्हान उमर और रशीदा तालिब पर भी तीखे व्यक्तिगत और राजनीतिक हमले किए। उन्होंने उमर के मूल देश सोमालिया का उपहास उड़ाते हुए कहा कि वह ‘एक ऐसे देश से आती हैं जो असल में एक देश भी नहीं है’। अगस्त 2026 में ट्रम्प ने सोमाली मूल के लोगों और नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा था कि ‘वे बुद्धिमान नहीं हैं, उनमें कोई योग्यता नहीं है और वे हमें बता रहे हैं कि हमें अपना देश कैसे चलाना है।’ इसी दौरान उन्होंने ओवल ऑफिस में कहा कि ‘हमारे यहां हर जगह जिहादी चुने जा रहे हैं।’ इसी तरह ट्रम्प ने मिशिगन से सांसद रशीदा तालिब और इल्हान उमर के लिए बार-बार कहा कि उन्हें अपने ‘मूल देशों’ (फिलिस्तीन और सोमालिया) वापस चले जाना चाहिए, जबकि रशीदा तालिब का भी जन्म अमरीका में ही हुआ है। ट्रम्प द्वारा केवल कुछ मुस्लिम उम्मीदवारों पर व्यक्तिगत रूप से ही नहीं, बल्कि पूरे डेमोक्रेटिक खेमे के मुस्लिम नेताओं को लेकर ट्रम्प और उनके सहयोगियों ने एक व्यापक नैरेटिव तैयार किया था। ट्रम्प और रिपब्लिकन नेताओं ने चुनाव प्रचार में यह दावा किया था कि मुस्लिम उम्मीदवारों के जीतने से अमरीका में शरिया कानून लागू हो जाएगा। नफरती ट्रम्प ने बिना किसी सबूत के मुस्लिम उम्मीदवारों पर कई प्रतिबंधित संगठनों और ‘मुस्लिम ब्रदरहुड’ से जुड़े होने तक के झूठे व बेबुनियाद आरोप लगाए और अमरीका के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल उठाए। गौरतलब है कि 2025 के न्यूयॉर्क शहर के मेयर चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने ज़ोहरान ममदानी के खिलाफ भी कई तीखे, व्यक्तिगत, नस्लवादी व अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस आक्रामक और इस्लामोफोबिक प्रचार का उल्टा असर यह हुआ कि इसने मुस्लिम और अल्पसंख्यक मतदाताओं को तो लामबंद किया ही, साथ ही उदारवादी अमरीकी ईसाइयों ने भी डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन किया जिसके परिणामस्वरूप 2026 के चुनावों में रिकॉर्ड 7 मुस्लिम उम्मीदवार अमरीकी कांग्रेस के लिए चुने गए। नि:संदेह अमरीका के उप-चुनाव दुनिया के लिये साफ सन्देश हैं कि नफरत की सियासत अधिक समय तक परवान नहीं चढ़ती।

#‘ऩफरती शासकों’ के लिये सन्देश हैं अमरीकी उप-चुनाव