कॉर्क होता क्या है?

‘दीदी, कल शाम मैंने फिशिंग पर एक डाक्यूमेंट्री देखी। उसमें मैंने देखा कि मछली पकड़ते हुए लोगों ने अपने अपने फिशिंग रोड में कॉर्क का टुकड़ा फ्लोटर के रूप में बांध रखा था ताकि मछली जब कांटे में फंसे तो कॉर्क के पानी के नीचे खींचे जाने से शिकार पकड़े जाने का संकेत मिल जाये। यह देखते हुए मैं सोचने लगा कि कॉर्क पानी के ऊपर ही क्यों तैरता रहता है, डूबता क्यों नहीं?’
‘कॉर्क के फ्लोट करने की क्षमता को लोग प्राचीन समय से ही जानते हैं और कॉर्क जीवन-संरक्षकों ने हजारों साल पहले भी बहुत से जीवन सुरक्षित रखे हैं।’
‘हां, यह तो मुझे मालूम है, लेकिन कॉर्क पानी में डूबता क्यों नहीं?’
‘कॉर्क पानी से बहुत हल्का होता है। वह पानी पर इसलिए फ्लोट करता रहता है कि पानी उसकी कोशिकाओं की दीवारों में आसानी से प्रवेश नहीं कर पाता, क्योंकि उनमें हवा भरी हुई होती है। इससे कॉर्क में पानी नहीं भरता और वह डूबता नहीं है।’
‘लेकिन कॉर्क होता क्या है?’
‘कॉर्क ओक ट्री की बाहरी छाल या बार्क होता है। विश्व की दो तिहाई कॉर्क सप्लाई स्पेन व पुर्तगाल से आती है, जहां कॉर्क ओक की बड़े पैमाने पर खेती होती है।’
‘छाल उतारने से तो पेड़ मर जाता होगा?’
‘नहीं। कॉर्क ओक की लम्बाई 6 से 12 मीटर होती है और उसका व्यास लगभग 1 मीटर का होता है। जब यह पेड़ तकरीबन 20 साल का हो जाता है, तब पहली बार उसकी छाल उतारी जाती है। इससे पेड़ न घायल होता है और न मरता है बल्कि इससे पेड़ को बहुत लाभ होता है। इसके बाद फिर 9 वर्ष बाद छाल उतारी जाती है। छाल उतारने की पहली दो प्रक्रियाओं से जो कॉर्क मिलती है वह रफ और खुरदुरी होती है, लेकिन अगले 100 वर्ष तक जो हर 9 साल बाद छाल उतारी जाती है, उसकी कॉर्क फाइन गुणवत्ता की होती है।’
‘मछली पकड़ने में प्रयोग होने के अतिरिक्त कॉर्क से क्या काम लिया जाता है?’
‘छाल उतारने के बाद कॉर्क का कई सप्ताह तक ढेर लगाकर रख दिया जाता है ताकि वह सीजन हो सके। फिर उसे उबाला जाता है ताकि उसे मुलायम किया जा सके व टैनिक एसिड निकला जा सके। फिर फ्लैट शीट्स में सुखा देने के बाद दुनियाभर में सप्लाई किया जाता है। कच्चा कॉर्क दो प्रकार का होता है- कॉर्कवुड जिससे कॉर्क स्टॉपर, फ्लोट व जीवन संरक्षक बनते हैं और ग्राइंडिंग कॉर्क जिसे ग्राउंड अप व बेक करने के बाद पाइप कवरिंग, शू फिलर, ऑटोमोबाइल गैस्केट, लाइनर जैसे बोतल के ढक्कन में पायी जाती है, बनते हैं। आजकल कॉर्क का अधिक इस्तेमाल रूम को साउंडप्रूफ करने, वेयरहाउस को इंसुलेट करने, फ्रीजर रूम और रेफ्रिजरेटर में किया जाता है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#कॉर्क होता क्या है?