उलझे धागे

(क्रम जोड़ने के लिए पिछला रविवारीय अंक देखें)

वह सोचने लगी, वह सोचने लगी कि गलती आखिर कहां हुई, पर उसकी समझ में कुछ नहीं आया। मेरा प्रेमी पति, जो दुकान पर भी मेरे बिना अकेलापन महसूस करता था अब कई कई दिन तक दोनों की बोल चाल भी बंद रहती। जो आदमी अपना रुमाल भी नहीं ले सकता था अब बाहर जाते समय अपनी अटैची खुद तैयार करता। ऐसे ही समय हो सकता है तनाव ही हो, शिवानी का स्वास्थ्य खराब रहने लगा पर किसी ने परवाह नहीं की। 
यह तो कहो कि तब तक एक बस भी चलने लग गई थी पर वह गांव से सुबह सात बजे शहर जाती और शाम पांच बजे शहर से वापस आती थी। फिर भी शिवानी ने किसी तरह चैकअप करवाया तो डॉक्टर ने उसे शिमला जाकर बाइआप्सी कराने को कहा। जब शिवानी ने मोहन जी को बताया तो उन्होंने बड़ी लापरवाही से उसे शिमला जाने के लिए पैसे दे दिए। दरअसल शिवानी को नहीं पता था कि बाइआप्सी में होता क्या है। बस इतना पता था कि अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा।  ़खैर उसे अकेले देखकर डॉक्टर भी हैरान हो रही थी, हां! अस्पताल के पास ही एक पारिवारिक मित्र का घर था, शिवानी एक दिन उनके घर रहकर वापस गांव लौट आई। 
घर की चैखट पैर रखते ही एक तरफ अटैची वगैरह देखकर पूछा यह क्या है? तो पता चला कि बहू रानी मायके जाने की तैयारी कर रही हैं। उस पर भी उसी दिन दिल्ली से देवर और देवरानी आ गए तो शिवानी ने बेटे से कहा, 
‘कुछ दिन बाद चले जाते, मेरा आपरेशन हुआ है, अभी मैं खाना नहीं बना पाऊंगी।’ तो मोहन जी तुरन्त बोल पड़े, 
‘मैंने कहा है जाने को। जाओ बेटा अपना काम करो।’ शिवानी रुआंसी हो गई, दर्द भी हो रहा था। बाइआप्सी के दूसरे ही दिन वह डेढ़ सौ किलोमीटर का सफर तय करके घर आई थी और आते ही सारा काम सिर पर आ पड़ा। दूसरे दिन ही बुखार चढ़ गया पर किसी ने परवाह नहीं की। यह सब देखकर मेहमान आई देवरानी प्रेम ने रसोई सम्भाल ली और शिवानी को बिस्तर पर जबरदस्ती लिटा दिया। 
कुछ दिन बाद दिल्ली जाने पर पता चला कि घर में नया जीवन आने को है। मोहन जी वहां किसी नर्सिंग होम में बहू के लिए एडवांस जमा करा गए हैं। सुनकर बुरा तो लगना ही था पर वह चुप ही रही।
जो भी हो, घर में रौनक लौट आई थी, फिर भी घर में अक्सर ही अबोला रहता और शिवानी एक तरफ ठेल दी जाती। 
़खैर इस समय तक शिवानी के घर पर फोन लग चुका था, वह इस समय नगर की शिकायत और सुझाव समिति की सदस्य बन चुकी थी। डाक विभाग में भी एक परामर्श समिति थी, उसकी सदस्यता भी थी और बचत विभाग में महिला प्रधान भी थी। इलाके में सम्मान था और घर में घोर अपमान जो उसे सहन नहीं हो रहा था। बेटे बहू की अवज्ञा इतनी बड़ी बात नहीं थी, पर उस आदमी की बेरुखी झेलना कठिन हो रहा था जो उसके बिना सांस लेने में भी कठिनाई महसूस करता हो। ऐसे में सौरभ का पिता से अपना बसेरा अलग करने की बात करना पिता की आंखें खोल देने वाला ही तो सिद्ध हुआ।
दिन बहुत भारी गुजरा था, उन दोनों के ही गले से खाना कहां उतरने वाला था। फिर रात भी आ ही गई थी, दोनों चुपचाप अपने कमरे में लेटे हुए छत को घूर रहे थे। सौरभ और रंजना अपना खाना अपने कमरे में ले गये थे।
‘शिवानी!’ मोहन जी की बहुत मद्धम-सी आवाज़ सुनाई दी।
‘हूँ....’
‘मैंने तुम्हें बहुत गलत समझा, मुझे माफ करोगी?’ उन्होंने शिवानी की ओर करवट ली और उसकी तरफ हाथ बढ़ाते हुए रोक लिया। शिवानी ने भी करवट ली और अपनी आंखें पति के चेहरे पर टिका दीं।
‘बहुत बार सच हमारे हमारे सामने होते हुए भी दिखाई नहीं देता।’ शिवानी का स्वर बहुत धीमा था, ‘हमारे जीवन के 27 वर्ष के साथ को एक ही साल में ग्रहण लग गया।’ 
‘मैंने तुम पर विश्वास क्यों नहीं किया, इसी बात पर मैं हैरान हूँ।’ 
‘समय का फेर होता है, जल्दी ही सब सामने आ गया, यह अच्छा हुआ।’ शिवानी ने पति की आंख में छलक आये आंसू पोंछ लिए, ‘पर अब हम करेंगे क्या? यह सोचने वाली बात है।’   ‘मैं कुछ नहीं दे रहा इनको। यह सब मेरी खुद की कमाई है। घर में रहना है तो ढंग से रहें नहीं तो जहां जाना है जायें।’  ‘जीवन के धागे बहुत उलझ गये हैं, पता नहीं कैसे सुलझेंगे।’ शिवानी का धीमा स्वर था।  इसी समय बाहर हल्की आहट सुनाई दी, आवाज़ को और दबाकर मोहन जी ने संकेत किया तो शिवानी भी चुपचाप दरवाजे की ओर देखने लगी। बाहर से ऐसी आवाज आ रही थी, जैसे कोई दबे पैरों सीढ़ियां उतर रहा हो। (समाप्त)

-इन्दिरा नगर-2, लालकुआं
ज़िला नैनीताल-262402 (उत्तराखंड)

#उलझे धागे