यूपी: पुणे से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
लखनऊ, 23 नवंबर- पटना में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण इंडिगो की पुणे से पटना जा रही फ्लाइट 6E 653 को आज सुबह लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, मौसम खराब होने के चलते विमान को पटना एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं दी गई।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट-इन-कमांड ने विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया। इसके बाद फ्लाइट सोमवार सुबह 2:45 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गई।
विमान में कुल 198 लोग सवार थे, जिनमें 187 वयस्क यात्री, 5 बच्चे और 6 क्रू मेंबर शामिल थे। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही विमान का तकनीकी निरीक्षण भी किया गया।
एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, पटना में मौसम साफ होने के बाद फ्लाइट सुबह 8 बजे लखनऊ से पटना के लिए रवाना हो गई।

