सियाचिन के साथ ही आज श्रीनगर भी जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

श्रीनगर, 03 जून - रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कश्मीर घाटी में सुरक्षा हालात का जायजा लेने के लिए आज श्रीनगर जाएंगे। श्रीनगर पहुंचने से पहले वह विश्व के सबसे ऊंचे युद्ध क्षेत्र सियाचिन में जाएंगे, जहां वह पाकिस्तान के साथ लगती सीमा पर सुरक्षा स्थिति का जायजा लेंगे। रक्षा मंत्री का पद संभालने के बाद राजनाथ सिंह का यह पहला अधिकारिक दौरा है। जानकारी के मुताबिक, इस मौके पर सेना प्रमुख बिपिन रावत भी उनके साथ मौजूद होंगे, जो उनको श्रीनगर में स्थित 15 वाहिनी बादामी बाग कार्यालय में पहुंचकर कश्मीर घाटी में सुरक्षा स्थिति की जानकारी देंगे। राजनाथ सिंह को नियंत्रण रेखा के पास स्थित और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की ओर से होने वाली घुसपैठ को रोकने के लिए उठाये जा रहे कदमों की भी जानकारी दी जायेगी। उनको हाल ही में आतंकवादियों के साथ घाटी में हुई मुठभेड़ और पिछले पांच महीनों में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए 100 से ज्यादा आतंकवादियों को लेकर विस्तारपूर्वक जानकारी दी जायेगी।