हिमस्खलन के बाद सियाचिन में सेना के दो जवान शहीद

श्रीनगर, 30 नवम्बर (भाषा) : केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख में दक्षिणी सियाचिन ग्लेशियर क्षेत्र में शनिवार को हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना के गश्ती दल के दो जवान शहीद हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। श्रीनगर में एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सेना का गश्ती दल दक्षिणी सियाचिन ग्लेशियर में लगभग 18,000 फुट की ऊंचाई पर गश्त कर रहा था जब शनिवार तड़के दल हिमस्खलन की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि एक हिमस्खलन बचाव दल (एआरटी) तुरंत वहां पहुंचा और टीम के सभी सदस्यों का पता लगाने और उन्हें बाहर निकालने में कामयाब रहा। रक्षा प्रवक्ता ने बताया, ‘‘हालांकि, चिकित्सा टीमों के सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के बावजूद, सेना के दो कर्मियों की जान चली गई, जिनकी नायब सूबेदार सेवांग ग्यालशन और राइकलमैन पदम नोरगैस के रूप में पहचान हुई है।