लाहौल के तांदी में वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत एक घायल
लाहौल स्पीति, 26 नवंबर (नरेंद्र अंगारिया) - लाहौल स्पीति जिला के तांदी में वीरवार लगभग शाम 4 बजे एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गए जबकि एक गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में चल रहा है। पुलिस थाना केलांग से मिली जानकारी के अनुसार जिला के उपमंडल लाहौल के अंतर्गत तांदी–प्यूकर संपर्क मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप एक सड़क दुर्घटना हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू की। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि तांदी पटवार सर्कल के पटवारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब चार बजे एक पिकअप वाहन गोजंग गांव से तांदी की ओर जा रहा था। बताया गया कि रास्ते में एक नाले में पानी जमा होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते वाहन सड़क से फिसलकर नीचे नाले में जा गिरा। दुर्घटना के समय वाहन में दो पुरुष और एक महिला सहित कुल तीन लोग सवार थे। हादसे में एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया है। केलांग अस्पताल में तैनात मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉक्टर सुषमा स्वांगला ने बताया कि सड़क हादसे में घायल सक्षम पुत्र जवाहर लाल गांव लपशक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह खतरे से बाहर हैं। जबकि कटराईं निवासी अजय ( 24 वर्ष ) पुत्र दीवान चंद और उनकी पत्नी अंजली का सड़क हादसे ने निधन हुआ है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है।

