दिल्ली की हवा फिर जहरीली: कई इलाकों में 300 के पार पहुंचा पीएम 2.5, आईटीओ सबसे प्रदूषित
नई दिल्ली, 26 नवंबर - दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है। राजधानी के कई इलाकों में हवा में मौजूद बेहद बारीक प्रदूषण कण पीएम2.5 का स्तर काफी अधिक दर्ज किया गया है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, आईटीओ में पीएम2.5 का स्तर 304 और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में 300 दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में यह स्तर 284 तक पहुंच गया। इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली के कई इलाकों में लोगों को प्रदूषित हवा में सांस लेनी पड़ रही है।
आंकड़ों के अनुसार, आईटीओ और डीटीयू के अलावा सीआरआरआई मथुरा रोड में पीएम2.5 का स्तर 279, आनंद विहार में 270, बुराड़ी क्रॉसिंग में 269 और चांदनी चौक में 264 दर्ज किया गया। वहीं, पंजाबी बाग में 260, बुराड़ी में 259, आया नगर में 258 और विवेक विहार में 252 का स्तर रहा। ज्यादातर निगरानी केंद्रों पर पीएम2.5 का स्तर 200 से अधिक दर्ज किया गया। इनमें बवाना, छावला, जहांगीरपुरी, मुंडका, नरेला, रोहिणी, नेहरू नगर, आरके पुरम और सोनिया विहार जैसे इलाके शामिल हैं।

