दिल्ली: कल वीआईपी आवाजाही और धार्मिक जुलूस के चलते लागू रहेंगी यातायात पाबंदियां
नई दिल्ली, 22 नवंबर - दिल्ली यातायात पुलिस ने सोमवार को दिल्ली में कई स्थानों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन की घोषणा की है। यह व्यवस्था राजघाट पर वीआईपी आवाजाही और मध्य व उत्तरी दिल्ली में एक धार्मिक जुलूस के कारण रहेगी। पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।
महात्मा गांधी स्मृति स्थल, राजघाट पर वीआईपी आवाजाही के मद्देनजर सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच यातायात नियमन लागू हो सकता है। प्रभावित स्थानों में आईटीओ चौक, दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक और आईपी फ्लाईओवर शामिल हैं। बीएसजेड मार्ग, रिंग रोड, आसफ अली रोड और गुरु नानक चौक से रंजीत सिंह फ्लाईओवर तक यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व पर नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसके लिए मध्य और उत्तरी दिल्ली में सुबह 10 बजे से चरणबद्ध तरीके से यातायात प्रतिबंध लागू होंगे। यह प्रतिबंध जुलूस की आवाजाही और मौजूदा यातायात स्थितियों पर निर्भर करेंगे।

