दिल्ली में रफ्तार पकड़ने लगी सर्दी: 48 घंटे में सात डिग्री गिरा पारा 

नई दिल्ली, 17 नवंबर - राजधानी में पिछले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

तापमान में गिरावट के चलते दिल्लीवासियों ने स्वेटर और जैकेट पहनना शुरू कर दिया है। हालांकि, दिनभर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, दिल्ली के अनुसार, मंगलवार को उत्तर भारत में कोई पश्चिमी विक्षोभ या चक्रवात सक्रिय नहीं था।

 

सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रहा, लेकिन बाद में आसमान साफ होने से धूप निकल आई। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। पिछले 24 घंटे में इसमें 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

#दिल्ली