होर्मुज में जहाज पर फिर हमला: पनामा के झंडे वाले टैंकर पर मिसाइल अटैक
नई दिल्ली, 16 नवंबर - केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'तारा गैस' को निशाना बनाया गया। जिस जहाज को निशाना बनाया गया, उस पर 24 भारतीय नागरिक सवार थे। गनीमत रही कि इस हमले में जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय नागरिकों समेत चालक दल के सभी 25 सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
यह मिसाइल हमला 16 नवंबर को हुआ था। सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा एक पोस्ट में कहा कि जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय नागरिकों और चालक दल के बाकी सदस्यों समेत कुल 25 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी को चोट नहीं आई है। उन्होंने कहा, 'हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और अपने नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के लगातार संपर्क में हैं।
इससे पहले बीते हफ्ते भी होर्मुज जलडमरूमध्य और अरब सागर में ऐसे जहाजों को निशाना बनाया गया, जिन पर भारतीय नाविक सवार थे। एक हमला 10 नवंबर को लाइबेरिया के झंडे वाले जहाज पर हुआ, जिस पर मिसाइल या रॉकेट से हमला किया गया। इस जहाज पर 19 भारतीय सवार थे। हमले में सभी नाविक बाल-बाल बच गए। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में इसकी जानकारी दी थी।

