'पेट्रोल महंगा हो तो होने दो, ईरान को हराना जरूरी': जनता को ट्रंप का फरमान; होर्मुज को लेकर किया बड़ा दावा
नई दिल्ली, 15 अगस्त - क्या ईरान से बढ़ते तनाव की कीमत अब अमेरिकी जनता को पेट्रोल महंगा खरीदकर चुकानी होगी? अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अमेरिकियों से पेट्रोल के लिए थोड़ा ज्यादा भुगतान करने को तैयार रहने को कहा। न्यूयॉर्क के गार्डन सिटी में एक राजनीतिक रैली में ट्रंप ने कहा कि एक बहुत बुरे देश को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए गैसोलीन की कीमत में थोड़ी बढ़ोतरी सहना उचित होगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान को हराने के बाद होर्मुज को अमेरिका का क्षेत्र घोषित करेंगे। इससे पहले ही इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ चुका है। युद्धविराम की दिशा में बातचीत भी आगे नहीं बढ़ रही है।
होर्मुज कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण जलमार्ग है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से यहां तेल टैंकरों की आवाजाही रुकी हुई है। ईरान ने शनिवार को अमेरिका से 'हार की हकीकत स्वीकार करने' को कहा। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने एक्स पर लिखा कि जब तक अमेरिका अपनी हार स्वीकार नहीं करता और कल्पनाओं में रहना बंद नहीं करता, तब तक ईरान नाकेबंदी लागू करता रहेगा। ईरान ने यह भी कहा कि होर्मुज को केवल उसके आदेश पर खोला और बंद किया जाएगा।

