झारखंड: लातेहार में भीषण हादसा, कंटेनर के नीचे दबे टेंपो-बाइक; छह लोगों की मौत व एक घायल

लातेहार, 15 अगस्त - झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड अंतर्गत लुकुईया घाटी में शनिवार की शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर और टेंपो के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक महिला समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
 
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस को घटना की सूचना दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने के साथ उनके परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

 
#झारखंड
# लातेहार
# कंटेनर