खोड़ा अग्निकांड के 10 जांबाजों को गैलेंट्री मेडल, मौत के मुंह से खींच लाए थे 160 जिंदगियां

गाजियाबाद, 14 अगस्त - स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपनी जान पर खेलकर 160 लोगों की जान बचाने वाले मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल समेत 10 दमकलकर्मियों को गैलेंट्री मेडल दिए जाएंगे। तीन मार्च 2026 की रात गाजियाबाद के अजंता पार्क खोड़ा में हुई आग की घटना में दमकलकर्मियों की टीम ने न सिर्फ उस इमारत में फंसे लोगों को बचाया, बल्कि आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर अन्य लोगों की जान भी बचाई थी। बता दें कि इस हादसे में दंपती समेत चार की मौत हो गई थी।
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि तीन मार्च की रात करीब 11 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी पार्किंग में खड़े वाहनों में आग लगने की थी, लेकिन जब टीम मौके पर पहुंची तो करीब 35 वाहन आग की चपेट में थे और पार्किंग से ऊपर जाने का रास्ता पूरी तरह बंद था। 
वहीं, पांच मंजिला इमारत में 100 से अधिक लोग मदद की गुहार लगा रहे थे। आग तेजी से बढ़ रही थी। इसके बाद टीम ने आग के बीच से अंदर जाने का फैसला किया। गेट काटकर और पानी की बौछार करते हुए टीम इमारत में दाखिल हुई। इसके बाद सबसे पहले बालकनी में फंसे लोगों को सीढ़ियों की मदद से बाहर निकाला गया।
 

 
#गाजियाबाद
# गैलेंट्री मेडल