दिल्ली में बारिश के बीच लहराएगा तिरंगा: 15 अगस्त को 70 फीसदी वर्षा के आसार
नई दिल्ली, 14 अगस्त - दिल्ली में बादल, बारिश के साथ आजादी का जश्न मनेगा। इस बार भी 15 अगस्त की सुबह मौसम का मिजाज भीगा-भीगा सा रहेगा। मौसम विभाग ने शनिवार को सुबह चार बजे से नौ बजे तक पांच मिमी बारिश होने की 60-70 फीसदी तक संभावना जताई है। दोपहर बाद भी रुक-रुक के हल्की बारिश होती रहेगी। लाल किले पर आजादी के जश्न का समारोह सुबह सात से करीब दस बजे तक चलेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। बादलों के बीच कुछ जगहों पर बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह चार बजे से छह बजे तक बारिश होने की 70 फीसदी और सुबह 6 बजे से 9 बजे तक 60 फीसदी संभावना है। दिन के दौरान भी मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद नहीं है। सुबह से दोपहर के समय बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जबकि शाम और रात के समय बारिश कुछ कम होने की संभावना है। इस कारण से मौसम सुहावना बना रहेगा। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज खुशगवार रहा। हालांकि उमस ने लोगों को परेशान किया। दोपहर 12 बजे के बाद कई इलाकों में तेज बारिश हुई। शुक्रवार को मौसम विभाग ने शाम साढ़े चार बजे तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था।
अगस्त के महीने में अब तक कुल 221.4 मिमी बारिश हो चुकी है। वहीं, गुरुवार से शुक्रवार तक(24 घंटे में) करीब 20.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से तापमान में भी गिरावट देखी गई। 13 अगस्त को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री दर्ज किया गया था जो कि शुक्रवार को लुढ़कर 30.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट हुई और तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 16 से 20 अगस्त तक न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

