UP: शिक्षक कम होने से भड़के सर्वोदय विद्यालय के छात्र, सड़क पर उतरे
लखनऊ, 14 अगस्त - पारा थाना क्षेत्र स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शिक्षक की कमी को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के सामने बड़ी संख्या में छात्रों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर पारा पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने के साथ यातायात सुचारु कराने का प्रयास कर रही है।
छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में करीब 450 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जबकि पढ़ाने के लिए केवल सात शिक्षक हैं। इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की तैनाती की मांग की है। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस छात्रों से बातचीत कर उन्हें सड़क से हटाने और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में जुटी है। छात्रों का कहना है कि शिक्षकों की कमी दूर होने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
पारा इलाके के मोहानरोड स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे विद्यालय की अव्यवस्थाओं और लापरवाही के खिलाफ बुद्धेश्वर से मोहान रोड जाने वाले मार्ग पर बैठकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्रों ने सड़क पर बैठकर शिक्षकों और कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।

