यूपी: मकान ढहने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, एक घायल
लखनऊ, 6 अगस्त- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के महुली इलाके में भारी बारिश के दौरान करीब 100 साल पुराना मकान ढह गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय परिवार के सभी सात सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। मकान गिरने से सभी मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल का उपचार जारी है।
मृतकों में पति-पत्नी, उनका बेटा, बहू और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। स्थानीय पुलिस ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था। गुरुवार तड़के करीब 2 बजे अचानक मकान भरभराकर गिर गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया।

